इटारसी,27 जून(आरएनएस)। जिले की पथरोटा थाना पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 3 किलो 212 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपए है। पुलिस ने यह कार्रवाई 26 जून की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच इटारसी के पास की।
पथरोटा पुलिस को 26 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जुझारपुर रेलवे फाटक के आगे कोल डिपो के पास रेलवे लाइन के किनारे एक युवक फिरोजी रंग का ट्रॉली बैग लेकर खड़ा है। वह गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुशील पटेल पिता रघुनंदन पटेल (31) बताया। पुलिस ने जब उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली, तो उसमें खाकी टेप से लिपटे दो पैकेट मिले। तौल करने पर पहले पैकेट में 2 किलो 168 ग्राम और दूसरे पैकेट में 1 किलो 44 ग्राम कुल मिलाकर 3 किलो 212 ग्राम गांजा पाया गया।
पथरोटा पुलिस ने आरोपी सुशील पटेल को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि वह यह गांजा कहां से खरीदकर लाया था और शहर में इसे किसे सप्लाई करने वाला था।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

