मंदसौर,27 जून(आरएनएस)। बेटे की हत्या का बदला लेने पिता ने आरोपी के पिता को मार डाला। 6 साथियों के साथ मिलकर चाकू मारे। लोहे की रॉड से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। आरोपी शव को खेत में छोड़कर फरार हो गए। मामला शहर की अभिनंदन कॉलोनी का है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 42 वर्षीय रवि माली के रूप में की गई है। रवि के शरीर में कई जगहों पर गंभीर और गहरे चोट के निशान हैं। खेत में आसपास घसीटने और गिरने के निशान मिले हैं। खून भी आसपास बिखरा मिला है। आरोपियों ने तड़पा-तड़पाकर मारा है।
शनिवार सुबह सूचना मिलते ही डायल-112 और शहर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
शहर कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि डायल-112 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अभिनंदन क्षेत्र में घायल हालत में पड़ा है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। व्यक्ति को जिला अस्पताल लेकर आई, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी के अनुसार, वारदात को चाकू और लोहे की रॉड से अंजाम दिया गया है। पुलिस पुरानी रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।
परिजन ने बताया रवि माली रोज की तरह अपने खेत पर फूल तोडऩे गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग निकले।
हत्या की खबर फैलते ही रवि माली के परिजन और माली समाज के लोग आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में लोग शहर कोतवाली थाने पहुंच गए। गांधी चौराहे पर करीब 3 घंटे धरने पर बैठे।
मामले में एएसपी तेर सिंह बघेल ने बताया पुलिस ने अलग-अलग धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजन ने कुछ मांगें रखी हैं, जिन पर चर्चा हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के आधार पर ठोस कार्रवाई की जाएगी।

