बलौदाबाजार, 28 जून (आरएनएस)। शादी की बारात में घर के सामने पटाखा फोडऩे से मना करने पर घर में घुसकर गाली-गलौज, धमकी और अभद्रता करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला पुरानी बस्ती बलौदाबाजार का है। प्रार्थिया ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 मार्च 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे मोहल्ले में निकली एक शादी की बारात के दौरान उसके घर के सामने लगातार पटाखे फोड़े जा रहे थे। जब उसके भाई महेत्तर पटेल ने आरोपी सोनू सेन और उसके साथियों को ऐसा करने से मना किया, तो वे आक्रोशित हो गए।
आरोपियों ने पहले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी, फिर जबरन घर में घुसकर दोबारा अभद्रता की और परिवार को धमकाया। घटना के बाद पीडि़ता की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 265/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 333 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर मामले में शामिल तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी
नीरज सेन उर्फ सोनू (23 वर्ष), पिता महेश सेन, निवासी पुरानी बस्ती, बलौदाबाजार।
गौरव पटेल (25 वर्ष), पिता बलराम पटेल, निवासी पुरानी बस्ती, बलौदाबाजार।
एक विधि से संघर्षरत बालक।
पुलिस ने बताया कि समाज में शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
०००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

