दुर्ग, 28 जून (आरएनएस)। दुर्ग पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में संचालित जुआ अड्डे पर छापा मारकर आठ जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1.82 लाख रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल सहित कुल 5.20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि भिलाई-3 स्थित ग्राम गनियारी में बड़कू दाऊ की बाड़ी में बने मकान के अंदर कुछ लोग रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आठ लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से नगद राशि, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जब्त किए गए। इस मामले में थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 327/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 5 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
तुंगत चंद्राकर (35), निवासी सिरसा कला, भिलाई-3
केवल चंद्राकर (29), निवासी गुड़ी परछी, सिरसा कला
शिवम वर्मा (25), निवासी सिरसा कला, भिलाई-3
प्रवीण देवांगन (24), निवासी हनुमान मंदिर के पास, सिरसा कला
ताकेश्वर साहू (41), निवासी पाटन पुल के पास, उतई
चिराग चंद्राकर (25), निवासी विश्व बैंक कॉलोनी, भिलाई-3
प्रकाश चंद्राकर (41), निवासी गायत्री मंदिर के पास, सिरसा कला
कुल्लू साहू (23), निवासी गांधी चौक, उतई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 1,82,670 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन तथा 3 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 5,20,170 रुपये बताया गया है।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

