नरसिंहपुर 28 जून (आरएनएस)।जिले के ठेमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धमना में एक ग्रामीण ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर का सेवन कर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान तूफान (45) पिता बेनी सिंह पटेल के रूप में हुई है। शनिवार रात जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पारिवार के मुताबिक, तूफान पटेल किसी निजी काम से जिला मुख्यालय नरसिंहपुर आए थे। यहां से अपने गांव लौटते समय उन्होंने महका तिराहे पर सल्फास का सेवन कर लिया। जहर खाने के तुरंत बाद उन्होंने स्वयं अपने परिजनों को फोन पर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में महका तिराहे पर पहुंचे। उन्होंने तूफान को अचेत अवस्था में पाया और तुरंत शासकीय जिला अस्पताल नरसिंहपुर ले गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन जहरीला पदार्थ पूरे शरीर में फैल चुका था। इलाज के दौरान ही तूफान पटेल ने दम तोड़ दिया।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने बताया कि तूफान किसी तनाव में नहीं थे और वे जहर खाने के कारणों से पूरी तरह अनभिज्ञ हैं। फिलहाल, अस्पताल चौकी पुलिस ने शून्य पर मर्ग दर्ज कर आगे की जांच के लिए डायरी ठेमी थाना भेज दी है।

