हरदा 28 जून (आरएनएस)। शनिवार ग्राम रामपुरा में एक किसान के खेत पर 35 वर्षीय सेवंती बाई का शव मिला, जिसके शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस जांच में पति बंशीलाल कोरकू ही हत्यारा निकला।
सेवंती बाई ग्राम घोड़ापाठ की निवासी थी और अपने पति व बच्चों के साथ रामपुरा में मजदूरी करती थी। उसका शव उसकी टपरी के बाहर खटिया पर मिला। महिला के बच्चों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात उनकी मां को कोई व्यक्ति बाइक से छोड़कर गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
सिराली थाना प्रभारी सीताराम पटेल ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि शुक्रवार रात आरोपी बंशीलाल कोरकू के घर मेहमान आए थे। इस दौरान उसकी पत्नी सेवंती ने अत्यधिक शराब पी ली। पति बंशीलाल पत्नी के लगातार शराब पीने से परेशान था।
इसी परेशानी और विवाद के चलते बंशीलाल ने अपनी पत्नी सेवंती की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
शनिवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा गया। अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने पति बंशीलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली। रविवार शाम को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

