अयोध्या 29 June (Rns) ।रामनगरी अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी और चंदे में हेराफेरी के मामले में राज्य सरकार की एसआईटी के साथ अयोध्या पुलिस ने पड़ताल तेज कर दी है। एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट आने के बाद एक अज्ञात सहित नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने आठ लोगों को जेल भेजा है। सोमवार को पुलिस ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा देने वाले चंपतराय से पूछताछ की। माना जा रहा है कि अब अयोध्या पुलिस अनिल मिश्रा और गोपाल राव का बयान भी जल्द दर्ज करेगी।
राम मंदिर के चंदे में कथित गड़बड़ी की एसआईटी के साथ जांच कर रही अयोध्या पुलिस ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपतराय का बयान दर्ज किया। पुलिस ने बंद कमरे में उनसे घंटों पूछताछ की। उनसे चढ़ावे की गिनती, सुरक्षा व्यवस्था, दान की प्रक्रिया और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर सवाल किए गए।
इसके बाद पुलिस की टीम ने बैंक जाकर वहां के अधिकारियों से भी पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस ने ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारियों और कर्मचारियों के भी बयान दर्ज किए हैं। जांच एजेंसी चढ़ावे के संग्रह, गिनती और बैंक में जमा करने की पूरी प्रक्रिया की पड़ताल कर रही है

