0 मजदूरी विवाद में साथ काम करने वालों ने रची थी हत्या और लूट की साजिश
धमतरी, 29 जून (आरएनएस)। धमतरी जिले के नगरी थाना क्षेत्र में मछली व्यापारी की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। आरोपियों ने मजदूरी बढ़ाने के विवाद और कथित अपमान से नाराज होकर सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी नगरी, थाना नगरी और साइबर थाना की संयुक्त टीम के साथ तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और वैज्ञानिक विवेचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जांच में पता चला कि मृतक विप्लव मंडल निजी फिश फार्म संचालित करता था और आरोपी उसके यहां मजदूरी करते थे। मजदूरी बढ़ाने की मांग पूरी नहीं होने तथा मृतक द्वारा कथित रूप से लगातार अपमानजनक व्यवहार और गाली-गलौज किए जाने से आरोपी उससे रंजिश रखने लगे थे। उन्होंने 25 जून को हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन उसे अंजाम नहीं दे सके। बाद में 27 जून को दोबारा योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गोरेगांव-भैंसमुड़ा मार्ग के सुनसान जंगल में घात लगाकर बैठे थे। नगरी बाजार से मछली बेचकर लौट रहे विप्लव मंडल पर आरोपियों ने लकड़ी के डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मछली बिक्री की नगदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए तथा लूटी गई रकम का आपस में बंटवारा कर लिया।
मर्ग जांच, गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर थाना नगरी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 309(6) एवं 311 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई पूरी नगदी, मृतक के दो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चार अन्य मोबाइल, तीन लकड़ी के डंडे, दो लोहे के चाकू, दो मोटरसाइकिल तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में टंकेश्वर नेताम उर्फ मयंक नेताम (19), सुरेंद्र यादव (26) और जगदीश विश्वकर्मा (50) शामिल हैं। तीनों ग्राम बोईरगांव, थाना मैनपुर, जिला गरियाबंद के निवासी हैं। मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी चिन्हित कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
0

