योगी सरकार 47.88 करोड़ रुपये की लागत से गोरखपुर में करा रही एकेडमी का निर्माण*
पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए नया गौरव बनेगी एनसीसी ट्रेनिंग एकेडमी*
गोरखपुर, 29 जून। पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले, अत्याधुनिक एनसीसी ट्रेनिंग एकेडमी का निर्माण सितंबर 2026 तक पूरा हो जाएगा। इसका निर्माण गोरखपुर के ताल कंदला में 10 एकड़ क्षेत्रफल में किया जा रहा है। योगी सरकार की तरफ से एक महत्वपूर्ण सौगात के रूप में यह एनसीसी ट्रेनिंग एकेडमी पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए नया गौरव बनेगी। गोरखपुर के ताल कंदला में एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर) की ट्रेनिंग एकेडमी का शिलान्यास सीएम योगी ने 9 मार्च 2024 को किया था। निर्माण कार्य जून 2024 में शुरू हुआ था और सितंबर 2026 तक इसे पूरा किया जाना है। कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज, जल निगम, यूनिट-42, गोरखपुर द्वारा इसका निर्माण किया जा रहा है और इस पर 47.88 करोड़ रुपये की लागत आएगी। कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर विवेक गुप्ता के अनुसार अब तक 75 प्रतिशत से अधिक कार्य कराया जा चुका है। बिल्डिंग और हॉस्टल के स्ट्रक्चर का काम हो चुका है, अब फिनिशिंग का कार्य हो रहा है। एनसीसी ट्रेनिंग एकेडमी में प्रशासनिक भवन, 150 छात्रों की क्षमता का बालक छात्रावास, 100 छात्राओं की क्षमता के बालिका छात्रावास, डायनिंग हाल, टायलेट ब्लाक, विद्युत स्टेशन, आउटडोर मल्टीएक्टिविटिज एरिया, 50 मीटर के आउटडोर शूटिंग रेंज, ड्रिल प्रैक्टिस पथ, फुटबाल फील्ड, आप्टिकल कोर्स एवं पुशप बीम आदि की सुविधा होगी। इसके अलावा 7.17 करोड़ रुपये की लागत से चहारदीवारी के निर्माण, सभी किनारों पर संतरी पोस्ट, गार्ड रूम, हाईमास्ट फ्लड लाइट के कार्य कराए जाएंगे।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के 11 जिले होंगे लाभान्वित*
एकता और अनुशासन आदर्श वाक्य वाले एनसीसी ग्रुप गोरखपुर, उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग के 11 जिलों का प्रतिनिधित्व करता है। इसमें देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, गोडा, बलरामपुर श्रावस्ती एवं बहराइच शामिल हैं। इससे जुड़े विश्वविद्यालयों, स्कूलों और कालेजों के कैडेटों को प्रशिक्षण देने हेतु प्रति वर्ष औसतन 25 से 30 संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर, थल सेना शिविर, इंटर ग्रुप कम्पटीशन, गणत्रंत दिवस परेड की तैयारी के साथ ही अनेक सामाजिक गतिविधियां भी इस ग्रुप की तरफ से आयोजित की जाती हैं। उल्लेखनीय है कि एनसीसी, युवाओं को एकता और अनुशासन के लिए प्रेरित करने वाला दुनिया का सबसे बड़ा वर्दीधारी संगठन है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

