वारासिवनी 29 जून (आरएनएस)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत आज सिविल अस्पताल वारासिवनी में प्रदीप जायसवाल पूर्व कैबिनेट मंत्री द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया।
प्रात समय सिविल अस्पताल वारासिवनी मे पल्स पोलियो अभियान 2026 की प्रदीप जायसवाल ने शुरूवात कर 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चो को पोलियो की दो बूंद सभी माता पिता को पिलाने की अपील की।
इस अवसर पर प्रदीप जायसवाल ने कहा की 0 से 5 साल के प्रत्येक बच्चो को ओरल पोलियो वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक देना बेहद जरूरी है। ताकि उनके शरीर मे इस बीमारी के खिलाफ मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसीत हो सके।
हमारा भारत 2014 से पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है। लेकिन पडोसी देशो से संक्रमण के खतरे को टालने और इस स्थिती को बनाये रखने के लिये टीकाकरण बहुत जरूरी हैै। इस अवसर पर ब्लाक मेडिकल आफिसर डा सत्यम शर्मा व सभी चिकित्सकगण भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विकासखंड वारासिवनी में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 15,784 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लक्ष्य की जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों ने अभिभावकों से अपने सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने तथा अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यम शर्मा ने बताया कि पोलियो जैसी गंभीर एवं विकलांगता उत्पन्न करने वाली बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिनांक 29 एवं 30 जून 2026 को स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के दौरान विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है और इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग का संदेश है। एक भी बच्चा छूटा, तो सुरक्षा चक्र टूटा। इसलिए प्रत्येक अभिभावक अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।
शुभारंभ कार्यक्रम में डॉ. सत्यम शर्मा (खण्ड चिकित्सा अधिकारी), श्रीमती उर्मिला बघेले (बीईई),प्रकाश डोंगरे (ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर), श्रीमती खिमोती जघेले (एएचवी) एवं श्रीमती गीता बिसेन (एएनएम) सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे पोलियो अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

