रामपुर, लखनऊ (आरएनएस ) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर जनपद के मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों को 690 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 102 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि रामपुर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सनातन आस्था और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। प्रदेश सरकार विकास और विरासत दोनों को समान प्राथमिकता देते हुए जनपद को नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप वितरित किए। उन्होंने सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यापारियों को सम्मानित किया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए। कार्यक्रम से पहले उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा रामपुर की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म भी देखी।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले और उसके बाद के रामपुर में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि पहले जनपद के पारंपरिक उद्योगों को उचित वातावरण नहीं मिल पाता था, लेकिन अब ‘एक जनपद-एक उत्पादÓ योजना के माध्यम से पैच वर्क, जरी वर्क, वॉयलिन निर्माण और मेंथा ऑयल जैसे पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण निवेश और रोजगार के अवसर बढ़े हैं तथा हाईवे, एक्सप्रेस-वे, रेलवे फ्लाईओवर और चौड़ी सड़कों जैसी आधारभूत संरचनाएं तेजी से विकसित हो रही हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी 75 जनपदों, 350 तहसीलों और 825 विकास खंडों तक विकास की योजनाएं पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि अब किसी क्षेत्र के साथ पक्षपात नहीं होता और हर विधानसभा क्षेत्र के विकास प्रस्तावों को समान प्राथमिकता दी जाती है।उन्होंने बताया कि बिलासपुर की रुद्र बिलास चीनी मिल के पुनरुद्धार और विस्तार के लिए सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट प्राप्त होते ही सरकार आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराएगी। साथ ही रामपुर के सभी विधानसभा क्षेत्रों से प्राप्त विकास प्रस्तावों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत आधारभूत संरचना किसी भी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देती है। अच्छी सड़कें, पुल और संपर्क मार्ग केवल वाहनों की रफ्तार नहीं बढ़ाते, बल्कि व्यापार, निवेश और रोजगार को भी गति देते हैं। उन्होंने बताया कि गोरखपुर-शामली आर्थिक गलियारा रामपुर से होकर गुजरेगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था कमजोर थी, किसान परेशान थे, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सीमित थे और सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार व्याप्त था। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है तथा युवाओं को रोजगार, किसानों को सहायता, उद्योगों को प्रोत्साहन और गरीबों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में विरासत स्थलों के संरक्षण के साथ विकास कार्य भी तेज गति से किए जा रहे हैं। नैमिषारण्य, मथुरा-वृंदावन, शुकतीर्थ, अयोध्या, काशी और विंध्य धाम जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का व्यापक विकास कराया गया है। साथ ही युवाओं को सरकारी नौकरियों में पारदर्शी अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और निवेश के माध्यम से नए रोजगार सृजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक तहसील में अग्निशमन केंद्र स्थापित करना है। जहां पॉलीटेक्निक, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां नए संस्थान खोले जा रहे हैं। ‘प्रोजेक्ट अलंकारÓ और ‘ऑपरेशन कायाकल्पÓ के माध्यम से विद्यालयों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि प्रदेश की 96 लाख सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम इकाइयों को पांच लाख रुपये तक का सुरक्षा बीमा कवर उपलब्ध कराया गया है। सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों और व्यापारियों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या अब दोहरी रेल लाइन, चार लेन सड़क संपर्क और महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जैसी आधुनिक सुविधाओं से जुड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धार्मिक विरासत के संरक्षण के साथ विकास का नया मॉडल स्थापित किया गया है और यही मॉडल उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने की दिशा में आगे बढ़ा रहा है।कार्यक्रम को कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह ओलख ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने कानून-व्यवस्था, आधारभूत संरचना, निवेश, किसान कल्याण और गरीबों के उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। कार्यक्रम में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, विधान परिषद सदस्य डॉ. जय पाल सिंह व्यस्त, डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, विधायक राजबाला सिंह, आकाश सक्सैना, शफीक अहमद अंसारी, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

