लखनऊ, (आरएनएस )30 जून। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश का किसान गंभीर संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि खाद, बीज, कीटनाशक और डीजल की बढ़ती कीमतों ने खेती को महंगा बना दिया है। भाजपा सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन बढ़ती लागत के कारण किसानों की आमदनी पहले से भी कम हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने में विफल रही है, जिससे किसान परेशान हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश में कम वर्षा की आशंका के बीच धान की फसल पर संकट मंडरा रहा है। किसानों को पर्याप्त बिजली और सिंचाई की सुविधा भी नहीं मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार में नकली बीज और दवाइयां बिक रही हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और बिचौलिये इसका लाभ उठा रहे हैं।सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार हर क्षेत्र में फैला हुआ है और इसका सबसे अधिक नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से किसान अपने को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।अखिलेश यादव ने दावा किया कि किसानों में भाजपा के प्रति आक्रोश है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में किसान भाजपा को सत्ता से हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराया जाएगा और किसानों की फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों के हितों के लिए कार्य करती रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

