भूमि विवादों के निस्तारण एवं भू-माफियाओं के विरुद्ध विशेष अभियान की समीक्षा
प्रयागराज 30 जून (आरएनएस)। भूमि विवादों के प्रभावी निस्तारण तथा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध 01 जून से 30 जून तक संचालित विशेष अभियान के अंतिम दिन आज मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल एवं पुलिस महानिरीक्षक अजय मिश्रा की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस आयुक्त प्रयागराज, मंडल के चारों जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ जनपदवार प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अवगत कराया गया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में मंडल में अब तक 58 नए भू-माफियाओं का चिन्हांकन कर उन्हें सूचीबद्ध किया गया है। इनमें प्रयागराज के 18, प्रतापगढ़ के 15, कौशांबी के 21 तथा फतेहपुर के 4 भू-माफिया शामिल हैं। इसके साथ ही गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 14(1) के अंतर्गत की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। अवगत कराया गया कि 01 अप्रैल 2025 की स्थिति के अनुसार जिला मजिस्ट्रेट न्यायालयों में मंडल के कुल 63 प्रकरण लंबित थे, जिनमें प्रयागराज के 29, प्रतापगढ़ के 18, फतेहपुर के 5 तथा कौशांबी के 11 प्रकरण शामिल थे। समीक्षा अवधि के दौरान इनमें से 27 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि वर्तमान में 40 प्रकरण लंबित हैं। इनमें प्रयागराज के 22, प्रतापगढ़ के 8, कौशांबी के 10 तथा फतेहपुर में कोई प्रकरण लंबित नहीं है। इसके अतिरिक्त, जिला मजिस्ट्रेट स्तर पर कार्रवाई पूर्ण होने के उपरांत कुल 21 प्रकरण अग्रिम न्यायिक कार्यवाही के लिए गिरोहबंद न्यायालय को प्रेषित किए जा चुके हैं।
इस क्रम में उन्होंने निर्देशित किया कि भू-माफियाओं के चिन्हांकन से लेकर बेदखली, संपत्ति कुर्की एवं अन्य विधिक कार्यवाहियों तक की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, समयबद्ध और परिणामोन्मुखी ढंग से संचालित की जाए, ताकि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई सरकारी भूमि का उपयोग जनकल्याणकारी परियोजनाओं एवं सार्वजनिक सुविधाओं के विकास में प्रभावी रूप से किया जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

