कोल्ड स्टोरेज हादसा के 7 मुल्जिमों की करोड़ों की संपत्ति जब्त होगी
प्रयागराज 30 जून (आरएनएस)। सपा के पूर्व विधायक अंसार अहमद समेत सात लोगों पर जल्द ही गैंगस्टर लगेगा। फाफामऊ के चर्चित आदर्श कोल्ड स्टोरेज हादसे के इन आरोपियों पर शिकंजा कसने की तैयारी है। गैंगस्टर लगने के साथ ही आरोपियों की अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति की पहचान कर उसे कुर्क और जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
कमिश्नरेट पुलिस ने यह कार्रवाई संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर प्रहार करने की रणनीति के तहत शुरू की है। पुलिस का कहना है कि मामले में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई के बाद आरोपियों की संपत्तियों की जांच कर नियमानुसार जब्ती की जाएगी।
गैंगस्टर एक्ट के तहत जिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है, उनमें आदर्श कोल्ड स्टोरेज के मालिक अंसार अहमद, मंजूर, अलाउद्दीन, मो. जाबिर अली उर्फ जावेद, मो. उस्मान, मो. इरफान और मो. असलम उर्फ बाबा शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ पहले से थाना फाफामऊ में बीएनएस और सीएलए एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
23 मार्च को फाफामऊ थाना क्षेत्र के चंदापुर स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज की इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। हादसे के समय वहां कई मजदूर और कर्मचारी मौजूद थे। मलबे में दबने से चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 12 लोग घायल हुए थे। राहत और बचाव अभियान कई घंटों तक चला था और प्रशासन को भारी मशक्कत करनी पड़ी थी।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि कोल्ड स्टोरेज का संचालन निर्धारित मानकों के विपरीत किया जा रहा था। आरोप है कि अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से क्षमता से अधिक आलू का भंडारण किया गया और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। पुलिस का कहना है कि इसी वजह से हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हुए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

