प्रयागराज 30 जून (आरएनएस)। मांडा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल युवक करीब दो घंटे तक रेलवे ट्रैक के बीच लहूलुहान अवस्था में तड़पता रहा। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित डिघिया पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। हादसा डिघिया ओवरब्रिज के नीचे दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर हुआ।
रेलवे कर्मचारियों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद डायल 112 पीआरवी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाई और घायल को प्राथमिक उपचार के लिए मांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा। स्थानीय लोगों के अनुसार 35 वर्षीय ओम प्रकाश विश्वकर्मा नामक यह युवक अद्र्ध विक्षिप्त बताया जा रहा है। ट्रेन की टक्कर से उसके हाथ टूट गए हैं और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
डिघिया चौकी के पुलिसकर्मियों के मौके पर न पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में कड़ी नाराजगी देखी गई। लोगो का कहना था की घायल घंटो से लहूलुहान अवस्था में रेलवे ट्रैक के बीच तड़पता रहा। लेकिन पुलिसकर्मी कुंभकर्णी नीद में मस्त रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

