नायब सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है: डा. अर्चना गुप्ता
जीत का रास्ता बूथ से होकर गुजरता है, इसलिए हर कार्यकर्ता अपने बूथ को और अधिक मजबूत करें: डा. अर्चना गुप्ता
सिरसा पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का भव्य स्वागत
सिरसा 1 जुलाई (आरएनएस)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ताओं के परिश्रम तथा जनता के आशीर्वाद के बल पर ही केंद्र और प्रदेश में लगातार भाजपा की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और उसी की मेहनत से संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश, उत्साह और जीत का जज्बा है। इसी ऊर्जा के साथ संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सिरसा जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर कमल खिलाने का लक्ष्य लेकर सभी को पूरी ताकत से जुटना है।
इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के सिरसा पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री किरण बेदी, जिला अध्यक्ष यतिन्द्र सिंह, पूर्व राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, जगदीश चौपड़ा, जवाहर सैनी, प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्य, जिला प्रभारी वेद फूला सहित पार्टी पदाधिकारियों ने फूला मालाओं और पुष्प गुच्छ देकर भव्य स्वागत किया। सिरसा में विभिन्न संगठनों और कार्यकर्ताओं ने डा. अर्चना गुप्ता के स्वागत में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन कर उनका स्वागत किया। जगह-जगह हुए स्वागत से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने सभी का आभार जताया।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने इनेलो पर निशाना साधते हुए कहा कि सिरसा में लंबे समय तक एक ही परिवार का राजनीतिक वर्चस्व रहा है। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार ने सिरसा क्षेत्र में केवल अपनी जमीनें और राजनीतिक हित मजबूत किए है, लेकिन जिले के समग्र विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास और जनसेवा की राजनीति में विश्वास रखती है तथा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने मोदी सरकार की उपलब्धियों पर बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों, विशेषकर महिलाओं, को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया, जिससे स्वच्छता अभियान को नई दिशा मिली। इसके साथ ही हर घर तक नल से जल पहुंचाने का काम मोदी सरकार ने किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों के जीवन को आसान बनाने और उनकी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मोदी और नायब सरकार की अनेक योजनाएं महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कर हर वर्ग के लोगों को लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जीत का रास्ता बूथ से होकर गुजरता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को सबसे मजबूत बनाना होगा और पूरी निष्ठा तथा आत्मविश्वास के साथ संगठन के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने कहा, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि सभी को आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरना होगा और हर बूथ पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी होगी।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है। आज दुनिया में भारत की अलग पहचान बनी है और देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, मजबूत संगठन और जनता के समर्थन से भाजपा भविष्य में भी लगातार सफलता हासिल करेगी।
बॉक्स —
*नायब सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है : कृष्ण बेदी*
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं का उत्साह और अधिक बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सेवा, सुशासन और विकास की नीति पर कार्य कर रही है तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में जनहित की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
*प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन को मिलेगी नई ऊंचाई: प्रो. गणेशीलाल*
पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल ने कहा कि भाजपा विचार, संगठन और राष्ट्रसेवा की भावना से कार्य करने वाला दल है। उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में प्रदेश संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा कार्यकर्ताओं को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी पहचान उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज और राष्ट्रहित में कार्य करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्रो. गणेशीलाल ने कहा कि संगठन तभी मजबूत होता है जब प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करे।
*डॉ. अर्चना गुप्ता के सिरसा आगमन से कार्यकर्ताओं में उत्साह: यतिन्द्र सिंह*
भाजपा जिला अध्यक्ष यतिन्द्र सिंह ने कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सहित सभी वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता के सिरसा आगमन से जिले के कार्यकर्ताओं में नए उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत होगा तथा कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।
यतेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से संगठन और मजबूत होगा तथा आगामी समय में भाजपा जनता का विश्वास और अधिक मजबूती के साथ प्राप्त करेगी।
कार्यक्रम में चेयरमैन रोहतास जांगड़ा, जसविंदर, मीनू बेनीवाल, चेयरमैन शांति स्वरूप, अमीरचंद मेहता, शीशपाल कंबोज, निताशा सिहाग, मक्कनलाल सिंगला, अंबर मेहता, हनुमान कुंडू, रामचंद्र कंबोज, प्रदीप, रातूसरिया सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

