मेरठ 1 जुलाई (आरएनएस)। मंगलवार की सुबह लोहिया नगर थाना क्षेत्र में एक किशोर ने गला दबाकर अपनी नाबालिग बहन का कत्ल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी खुद ही थाने पहुंच गया। जहां पुलिस के सामने जुर्म का इकबाल करते हुए बताया कि बहन के कारण उसके पूरे परिवार की बदनामी हो रही थी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दरअसल, मंगलवार की सुबह लोहिया नगर के रसूल नगर इलाके का रहने वाला 16 वर्षीय किशोर थाने पहुंचा। किशोर ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी 17 वर्षीय बहन की गला दबाकर हत्या कर दी है और बोला- शव घर पर है, उठा लो। किशोर को साथ लेकर पुलिस आनन-फानन में उसके घर पहुंची। जहां 17 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि दो साल पहले उसकी नाबालिग बहन समर गार्डन निवासी युवक के साथ घर से फरार हो गई थी। दोनों की बिरादरी एक होने के कारण किशोरी का निकाह उक्त युवक से करा दी गया। मगर इसके बावजूद किशोरी अक्सर अपने मायके में ही रहती थी। किशोर ने आरोप लगाया कि उसकी बहन का चाल-चलन ठीक नहीं था। दो दिन पहले भी वह किसी अन्य युवक के साथ घर से चली गई। मंगलवार की सुबह जब किशोरी घर वापस लौटी तो उल्टा घर के लोगों से ही झगडऩे लगी। इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी किशोर ने अपनी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

