मेरठ 1 जुलाई (आरएनएस)। बुधवार की सुबह परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की घर में ही गला रेत हत्या कर दी गई। मृतका का छोटा बेटा यूपी पुलिस में कांस्टेबल है। मृतका के गले से सोने की चेन और कान के कुंडल गायब मिले हैं। जिसके चलते लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में रहने वाले रामसिंह की मौत हो चुकी है। गांव में राम सिंह की पत्नी 70 वर्षीय फूल सुंदरी घर में अकेली रहती थी। फूल सुंदरी का बड़ा बेटा अपने परिवार के साथ परीक्षितगढ़ में मवाना बस स्टैंड के पास रहता है। वहीं, छोटा बेटा विपिन यूपी पुलिस में कांस्टेबल है, जो फिलहाल संभल में तैनात है।
गांव की रहने वाली महिला शरबती ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 7:30 बजे वह फूल सुंदरी को खेत पर ले जाने के लिए उसके घर पहुंची। जहां बैठक में फूल सुंदरी की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। महिला का शोर सुनकर एकत्र हुए ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद थाना प्रभारी सुदीश सिंह, सीओ सदर देहात सुधीर सिंह, एसपी देहात अभिजीत कुमार, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। फूल सुंदरी की हत्या गला रेत कर की गई थी। महिला के गले से सोने की चेन और कान से कुंडल भी गायब थे। वहीं, कमरे में रखा बक्सा भी खुला था। जिसके चलते अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या लूटपाट के इरादे से की गई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

