सिरसा 2 जुलाई (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक श्री दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार सवार कथित दो युवकों को करीब डेढ़ लाख रुपए 512 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है । सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार कथित आरोपियों की पहचान दयानंद पुत्र शेरसिंह निवासी हनुमानगढ़ (राजस्थान) तथा किशन सिंह पुत्र सुरजभान, घड़साना मंडी, जिला श्रीगंगानगर, हाल निवासी हनुमानगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सीआईए टीम गश्त के दौरान मौजू की ढाणी, ऐलनाबाद क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार में सवार युवकों ने पुलिस की गाड़ी देखकर अचानक कार वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया, लेकिन कुछ दूरी पर कार बीच रास्ते में बंद हो गई। इसके बाद दोनों युवकों को मौके पर ही काबू कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर कार के डैशबोर्ड से 512 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। सीआईए प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उनसे गहन पूछताछ कर अफीम तस्करी से जुड़े नेटवर्क, सप्लाई चेन तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान की जाएगी, ताकि उनके विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

