पुलिस एंव पब्लिक के सहयोग से नशा एवं अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है :- एसपी ।
सिरसा 2 जुलाई (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने वीरवार को पुलिस पब्लिक कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और नशा विरोधी अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही अपराध तथा नशे पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। एसपी ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों से अपने संस्थानों पर प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड तैनात करने और उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन नागरिकों की सतर्कता भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों के साथ व्यापारियों और संस्थानों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंच सके।बैठक में थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित पेट्रोल पंपों, बैंकों, एटीएम, अनाज मंडियों और मुख्य बाजारों के आसपास पीसीआर व राइडर टीमों की 24 घंटे नियमित गश्त सुनिश्चित करें। एसपी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए समय-समय पर ऐसी बैठकें आयोजित की जाएंगी। पुलिस पब्लिक कमेटी के सदस्यों ने भी विभिन्न समस्याएं और सुझाव एसपी के समक्ष रखे। एसपी ने कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने का भरोसा दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

