*सुबह की पहली किरण के साथ डबवाली पुलिस ने किया कई स्थानों पर एक साथ कॉम्बिंग ऑपरेशन*
*संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस टीमों की दबिश से नशा तस्करों में मचा हड़कंप*
सिरसा 2 जुलाई (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर आईपीएस, के कुशल नेतृत्व और सुदृढ रणनीति के तहत क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने की दिशा में डबवाली पुलिस हर तरह से नशे पर कड़ी कार्रवाई कर रही है । नशा तस्करों की धरपकड़ के साथ साथ युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत करवाना और नशा पीडि़तों तक उपचार पहुंचाना, हर दिशा में नशे को जड़ से मिटाने के लिए डबवाली पुलिस लगातार नये आयाम स्थापित कर रही है । इसी मुहिम को और तेज करते हुए डबवाली पुलिस की विभिन्न टीमों ने गुरुवार तड़के एक सुनियोजित एवं व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर नशा तस्करों के संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अभियान के तहत थाना सदर डबवाली, चौकी चौटाला एवं डॉग स्क्वाड टीम ने गांव अबूबशहर में, जबकि थाना कालांवाली, चौकी सिंहपुरा एवं सीआईए स्टाफ कालांवाली की संयुक्त टीम ने कालांवाली तथा गांव दादू में नशा तस्करों के संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया । पुलिस टीमों ने प्रत्येक संदिग्ध स्थान की बारीकी से जांच की तथा संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन करते हुए आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी।
यह अभियान नशा तस्करों को स्पष्ट संदेश है कि डबवाली पुलिस अब हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए है और कानून से बचने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होने दी जाएगी। जिले में नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार और अधिक तेज की जा रही है।
डबवाली पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशा तस्करी या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना बिना किसी संकोच के पुलिस को दें। नशा तस्करी से संबंधित सूचना मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 या अपने नजदीकी थाना, चौकी में दें । सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी । पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयासों से ही नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त समाज का निर्माण संभव है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

