कोरबा, 02 जुलाई (आरएनएस)। जिले के बालको थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। चलती ट्रेलर को रोकने के प्रयास में चालक का पैर फिसल गया, जिससे वह वाहन के पहियों के नीचे आ गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 ए डब्ल्यू 2243 मानिकपुर खदान से कोयला लेकर बालको प्लांट पहुंचा था। दोपहर करीब 1 बजे रिंग रोड स्थित शर्मा पेट्रोल पंप के पास चालक संतोष कुमार खैरवार (47), पिता बहरता खैरवार, ट्रेलर खड़ा कर नीचे उतरा था।
इसी दौरान अचानक ट्रेलर आगे बढऩे लगी। वाहन को चलते देख चालक उसे रोकने के लिए दौड़ा, लेकिन इस दौरान उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगडऩे से वह ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया। हादसा इतना भीषण था कि संतोष कुमार खैरवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रेलर पर्याप्त रूप से सुरक्षित तरीके से खड़ी नहीं की गई थी, जिसके कारण वह अचानक आगे बढऩे लगी। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

