मेरठ 2 जुलाई (आरएनएस)। रेलवे रोड थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक युवक ने वियतनाम ले जाकर अपनी पत्नी की हत्या का प्रयास किया। अधमरी हालत में महिला को होटल के कमरे में छोड़कर पति फरार हो गया। पीडि़ता ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से रेलवे रोड थाने में तहरीर दी है।
देवपुरी निवासी सलोनी अरोड़ा ने बताया कि उसकी शादी 4 जून 2025 को देहली गेट क्षेत्र निवासी मोबिल ऑयल व्यापारी आशीष पसरीचा के साथ हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और अन्य ससुराल वाले दहेज के लिए उसका उत्पीडऩ करते थे। एक महीने पहले आशीष अपनी पत्नी सलोनी को घुमाने के बहाने वियतनाम ले गया।
आरोप है कि वहां होटल के कमरे में आशीष ने सलोनी को बेल्ट से बेरहमी से पीटा और गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। इसके बाद उसे होटल के कमरे में बंद करके फरार हो गया। होटल के स्टाफ द्वारा महिला को वियतनाम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार का पूरा खर्चा भी महिला ने उठाया।
सलोनी का कहना है कि भारत लौटने के बाद सब कुछ भूल कर वह एक बार फिर अपनी ससुराल चली गई। जहां ससुराल वालों ने दोबारा से उसके साथ मारपीट करते हुए हत्या का प्रयास किया।
ससुराल पहुंची डायल 112 की पुलिस ने उसे बंधन मुक्त कराया। इसके बाद आज अपने परिवार और एडवोकेट रामकुमार शर्मा के साथ के साथ रेलवे रोड थाने पहुंची पीडि़ता ने पति और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

