मेरठ 2 जुलाई (आरएनएस)। मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र में मिठाई कम देने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दुकान संचालक और उसके साथियों ने ग्राहकों को बीच सड़क दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मारपीट के दौरान मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाले लोहे के पलटे से भी हमला किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गंगानगर क्षेत्र स्थित अनि स्वीट्स (गुप्ता मिष्ठान भंडार) पर ग्राहक मिठाई खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान मिठाई कम देने को लेकर ग्राहक और दुकान पक्ष के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढऩे पर दुकान मालिक और उसके साथ मौजूद कई लोगों ने ग्राहकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने ग्राहकों को दुकान से बाहर तक दौड़ाकर पीटा। इस दौरान मिठाई की कढ़ाई में इस्तेमाल होने वाले पलटे से भी हमला किया गया। बीच सड़क हुई मारपीट से अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई लोग ग्राहकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि पुलिस जांच का विषय है। मारपीट में तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। पीडि़त की तहरीर के आधार पर गंगानगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

