मेरठ 2 जुलाई (आरएनएस)। मेरठ के मेडिकल कॉलेज परिसर में देर रात दो युवकों पर एक नर्सिंग छात्रा से अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगा है। आरोप है कि ये युवक शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे थे। छात्रा की शिकायत पर मेडिकल थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। हालांकि, पुलिस ने केवल शांतिभंग की धाराओं में उनका चालान किया, जिससे मेडिकल कॉलेज के छात्रों में नाराजगी फैल गई। आक्रोशित छात्रों ने थाने पहुंचकर कार्रवाई को लेकर हंगामा किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मोनू पहाड़ी उर्फ मोहित ठाकुर, निवासी सोमदत्त सिटी जागृति विहार, और अनमोल त्यागी को हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि दोनों मेडिकल कॉलेज परिसर में शराब पीकर शोर-शराबा कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने वहां से गुजर रही एक नर्सिंग छात्रा पर अभद्र कटाक्ष किया। छात्रा की शिकायत पर नर्सिंग के छात्र भी मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की बाइक में तोडफ़ोड़ कर दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
आरोपियों में से एक मोनू पहाड़ी उर्फ मोहित ठाकुर का नाम पहले भी आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। वर्ष 2023 में उस पर जागृति विहार से एक युवक का अपहरण कर मारपीट करने और उसके मुंह में पेशाब करने का आरोप लगा था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद काफी हंगामा हुआ था। उस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मोनू पहाड़ी के खिलाफ लूट सहित अन्य मुकदमे भी दर्ज बताए जा रहे हैं।
इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए बड़ी संख्या में छात्र बुधवार देर रात मेडिकल थाने पहुंचे और आरोपियों पर सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

