नई कार्यकारिणी का भी हुआ स्वागत, समाज सेवा और स्वास्थ्य के प्रति समर्पण का लिया संकल्प
सुल्तानपुर 2 जुलाई (आरएनएस)। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर लायंस क्लब मिड टाउन, सुल्तानपुर की ओर से नगर के एक रेस्टोरेंट में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन क्लब के अध्यक्ष प्रमोद पुरी एवं सचिव डॉ. राजेंद्र कपूर के नेतृत्व में हुआ। समारोह में जनपद के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित चिकित्सकों को अंगवस्त्र पहनाकर, स्मृति स्वरूप पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही क्लब की नई कार्यकारिणी का स्वागत एवं अभिनंदन भी किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए क्लब के सचिव डॉ. राजेंद्र कपूर ने कहा कि चिकित्सक समाज की रीढ़ हैं। वे बिना किसी जाति, धर्म, वर्ग अथवा भेदभाव के प्रत्येक व्यक्ति की सेवा करते हैं। विषम से विषम परिस्थितियों में भी डॉक्टर अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए मानव जीवन की रक्षा के लिए निरंतर कार्यरत रहते हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से इस सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। क्लब के अध्यक्ष प्रमोद पुरी ने कहा कि चिकित्सा सेवा मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। डॉक्टर अपने ज्ञान, अनुभव और समर्पण से समाज को स्वस्थ रखने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर चिकित्सकों का सम्मान कर लायंस क्लब मिड टाउन स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। समारोह में मंडल के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित सर्जन तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संचालक डॉ. ए.के. सिंह, पूर्वांचल के सुप्रसिद्ध फिजिशियन एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव श्रीवास्तव, डॉ. सलिल श्रीवास्तव, डॉ. संगीता श्रीवास्तव, डॉ. हनुमान प्रसाद वैश्य, डॉ. डी.एस. मिश्रा, डॉ. आत्मजीत सिंह, डॉ. अनिल पांडेय, डॉ. संजय खत्री एवं डॉ. एस.के. गोयल सहित अनेक चिकित्सकों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब मिड टाउन की नई कार्यकारिणी का भी स्वागत किया गया। नवगठित टीम ने समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता सुधांशु श्रीवास्तव, किशोर शर्मा, वर्तमान अध्यक्ष सतीश अग्रवाल, प्रवीण भालोटिया सहित क्लब के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने चिकित्सकों की सेवाओं की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए अमूल्य बताया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

