कूरेभार/सुलतानपुर 2 जुलाई (आरएनएस)। विकासखंड कूरेभार की ग्राम पंचायत ढेसरुआ गुप्तारगंज में प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे एवं लाभार्थी चयन को लेकर उठे विवाद की शिकायत अब सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सुलतानपुर जिला अधिकारी इंद्रजीत सिंह तक पहुंच गई है। शिकायतकर्ता राजकुमार सोनी एवं सुमन जायसवाल ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल, जिलाधिकारी सुलतानपुर तथा खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कूरेभार को शिकायत भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि, प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे के दौरान पात्रता निर्धारण में जान बूझ कर अनियमितताएं बरती गई हैं। आरोप है कि कुछ ऐसे लोगों को लाभार्थी सूची में शामिल किया गया है, जिनके पास पहले से पक्का मकान और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं, जबकि कई ऐसे परिवार, जो आज भी झोपड़ी, छप्पर अथवा टीन शेड के नीचे किसी तरह से अपना जीवनयापन करने को मजबूर हैं। यानी कि, पात्रों को योजना से वंचित कर अपात्रों को इसका लाभ दिया जा चुका है। शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा सर्वे के दौरान अपनाई गई कार्यप्रणाली की निष्पक्ष समीक्षा की जाए। उनका कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए और वास्तविक पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाया जाए। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में भी चर्चा का माहौल गर्म है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों पर संबंधित अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि पूरी तरह से साफ हो पाएगी हो सकेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

