कुशीनगर, 02 जुलाई (आरएनएस)। जनपद के जिला मुख्यालय रविन्द्र नगर धूस थाना क्षेत्र के ग्राम सभा चौपरिया में एक पुराने जर्जर मकान को तोड़ते समय बड़ा हादसा हो गया। मकान का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिरने से दो मजदूर मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और मकान मालिक ने तत्काल राहत कार्य कर दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए नए जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी गौरूल पुत्र नबीस के पुराने मकान का ध्वस्तीकरण कराया जा रहा था। इसी दौरान मकान का हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे वहां कार्य कर रहे सुभाष (45) पुत्र उदित निवासी कटनवार जंगल बनवीरपुर और भीम (30) पुत्र मुन्ना निवासी कटनवार जंगल बनवीरपुर घायल हो गया। सुभाष के सिर में गंभीर चोट आने पर जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं भीम के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और उनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी भवन के ध्वस्तीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन, सुरक्षा उपकरणों का उपयोग तथा प्रशिक्षित निगरानी में कार्य कराना बेहद जरूरी है। सुरक्षा नियमों की अनदेखी ऐसे हादसों का कारण बन सकती है। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष रविन्द्र नगर अनिल सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना नहीं मिली है। मामले की जानकारी कराई जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

