कुशीनगर, 02 जुलाई (आरएनएस)। मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव द्वारा जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र कुशीनगर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं रोजगारपरक योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों के अभिलेखों का परीक्षण किया तथा कार्यालय में उपस्थित दर्जी ट्रेड के लाभार्थियों को टूलकिट का वितरण कर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया। उपायुक्त उद्योग प्रवीण कुमार मौर्य द्वारा जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, कुशीनगर द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। उन्होंने प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना के उद्देश्यों, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं युवाओं को उपलब्ध कराए जा रहे वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं को इन योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए। इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग आलोक कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

