कुशीनगर, 02 जुलाई (आरएनएस)। सहायक रजिस्ट्रार, फम्र्स, सोसायटी एवं चिट्स, गोरखपुर मण्डल, गोरखपुर के आदेश के क्रम में अंजुमन इस्लामिया फैजुल उलूम, ग्राम धनोजी की प्रबंध समिति के चुनाव हेतु संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है।
ज्ञातव्य है कि संस्थान की प्रबंध समिति के गठन के लिए 21 सदस्यों की सूची के आधार पर पूर्व में 29 जून को चुनाव कराए जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। किन्तु चुनाव अधिकारी के आकस्मिक अवकाश पर चले जाने के कारण उक्त चुनाव प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया। अब सहायक रजिस्ट्रार के निर्देशानुसार चुनाव प्रक्रिया पुन: निर्धारित करते हुए 06 जुलाई दिन सोमवार को सम्पन्न किया जाएगा।चुनाव की समस्त कार्यवाही विकास भवन, रविन्द्रनगर धूस स्थित जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, कक्ष संख्या-27 में संपन्न होगी। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक, नाम वापसी 12:30 बजे से 01:00 बजे तक, मतदान अपराह्न 01:00 बजे से 02:00 बजे तक, जबकि मतगणना एवं परिणाम की घोषणा मतदान समाप्त होने के उपरांत की जाएगी। निर्वाचन अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। संबंधित सभी सदस्यों एवं अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर चुनाव प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

