प्रयागराज 2 जुलाई (आरएनएस) करछना थाना क्षेत्र के भुंडा चौकी अंतर्गत बघेड़ा गांव में गुरुवार सुबह मोबाइल देखने को लेकर बहनों के बीच हुए विवाद के बाद 15 वर्षीय किशोरी ने फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करछना थाना क्षेत्र के बघेड़ा गांव निवासी श्याम बाबू निषाद की 15 वर्षीय पुत्री चांदनी कक्षा 11 की छात्रा थी। गुरुवार सुबह मोबाइल देखने को लेकर उसकी बहनों से कहासुनी हो गई। विवाद के बाद चांदनी नाराज होकर कमरे में चली गई।
कुछ देर बाद उसने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे से बाहर न निकलने पर मां अंदर पहुंची तो बेटी को फंदे से लटका देख चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतका के पिता और भाई निजी कंपनी में नौकरी करते हैं और घटना के समय घर पर नहीं थे।
घर में मां और बहनें ही मौजूद थीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

