जबलपुर 2 जुलाई (आरएनएस)। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन की तीर्थ यात्रा पर जाने के इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों से 11 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिले से तीर्थयात्रियों के लिए 25 जुलाई को विशेष ट्रेन रवाना होगी, जिसमें बालाघाट जिले के लिए 191 सीटें आरक्षित की गई हैं।
योजना के तहत यात्रा करने के इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों को आवेदन पत्र दो प्रतियों में भरकर संबंधित तहसील कार्यालय, नगर पालिका कार्यालय अथवा जनपद पंचायत कार्यालय में जमा करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 11 जुलाई निर्धारित की गई है।
आवेदन के साथ निवास प्रमाण के रूप में राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, विद्युत देयक, मतदाता पहचान पत्र, शस्त्र लाइसेंस अथवा शासन द्वारा मान्य अन्य दस्तावेज संलग्न करना होगा। इसके अलावा आधार कार्ड की छायाप्रति एवं नवीनतम रंगीन पासपोर्ट आकार का फोटो देना अनिवार्य रहेगा। आवेदक को यह घोषणा पत्र भी प्रस्तुत करना होगा कि वह आयकरदाता नहीं है तथा पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत यात्रा नहीं की है। योजना के अनुसार विगत पांच वर्षों में यात्रा कर चुके व्यक्ति पात्र नहीं होंगे।
जानकारी के अनुसार 25 जुलाई को बालाघाट रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना होगी। इस ट्रेन में बालाघाट के 191 यात्रियों के अलावा मंडला, जबलपुर एवं कटनी जिलों के तीर्थयात्री भी शामिल होंगे। मंडला जिले के यात्री नैनपुर स्टेशन से ट्रेन में सवार होंगे। तीर्थयात्रा पूर्ण होने के बाद विशेष ट्रेन 28 जुलाई को वापस बालाघाट पहुंचेगी। यात्रा के दौरान यात्रियों के ठहरने, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शासन द्वारा की जाएंगी। हालांकि यात्रा प्रारंभ होने वाले स्टेशन तक पहुंचने की व्यवस्था यात्रियों को स्वयं अपने खर्च पर करनी होगी।
जिला प्रशासन ने जिले के पात्र वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करें। चूंकि बालाघाट जिले के लिए केवल 191 सीटें निर्धारित हैं, इसलिए अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

