०प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर 20 दुकानदारों से 1700 रुपये जुर्माना, पॉलीथिन जब्त
दंतेवाड़ा, 03 जुलाई (आरएनएस)। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार नगर पंचायत बारसूर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत नगर क्षेत्र में घर-घर जाकर नागरिकों को कचरे के स्रोत पर पृथक्करण एवं प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड नोडल एवं स्वच्छता दीदियां घर-घर पहुंचकर नागरिकों को गीले, सूखे, सैनिटरी एवं विशेष देखभाल वाले अपशिष्ट को निर्धारित रंगों के डस्टबिन में अलग-अलग संग्रहित करने की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही कपड़े, कागज एवं जूट के थैलों जैसे पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील भी की जा रही है।मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने नागरिकों एवं व्यापारियों से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं उपयोग से बचने की अपील की है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित शिकायतों के लिए निदान-1100 तथा व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 8519009090 पर संपर्क करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसी क्रम में 2 जुलाई 2026 को नगर पंचायत द्वारा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वाले 20 दुकानदारों एवं व्यापारियों पर कुल 1700 रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा पॉलीथिन जब्त की गई। संबंधित व्यापारियों को भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग, निर्माण, परिवहन एवं आपूर्ति नहीं करने की समझाइश भी दी गई।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

