०ग्रामीण रोजगार, आजीविका और महिला सशक्तिकरण को मिलेगी नई गति
दंतेवाड़ा, 03 जुलाई (आरएनएस)। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में ‘विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) के राष्ट्रीय शुभारंभ के अवसर पर शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष, दंतेवाड़ा में जन सम्मेलन सह शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आंध्र प्रदेश के तिरुपति से किया गया, जहां केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर मिशन का शुभारंभ किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला एवं जनपद पंचायत के अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के हितग्राहियों, युवाओं तथा ग्रामीण नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा तथा मिशन की रूपरेखा, उद्देश्य और संभावित लाभों की जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम में बताया गया कि इस मिशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार करना, आजीविका के स्थायी साधनों को बढ़ावा देना, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण तथा सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना है। यह मिशन ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अधिकारियों ने मिशन के प्रमुख प्रावधानों, पात्रता, संभावित गतिविधियों तथा विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं के साथ इसके समन्वय की जानकारी देते हुए कहा कि इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को इसका लाभ मिल सके।स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं ग्रामीण युवाओं ने मिशन के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए इसे रोजगार, स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन के लिए लाभकारी बताया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई तथा हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने कहा कि इस मिशन के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, आजीविका के साधन सुदृढ़ होंगे तथा ग्रामीण परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विकसित भारत के निर्माण में ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए मिशन के सफल क्रियान्वयन एवं व्यापक जन जागरूकता के लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम, जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्य, जिले के सरपंच, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं तथा मिशन से जुड़े जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

