कोरबा, 03 जुलाई (आरएनएस)। शहर के सबसे व्यस्त सीएसईबी चौक पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक की चपेट में आने से एक स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मृतक का सिर ट्रक के पहिए के नीचे आने से बुरी तरह कुचल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक मांक सीजी 04 एमएस 2996 नो-एंट्री के दौरान शहर में प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान सीएसईबी चौक के पास उसने स्कूटी क्रमांक सीजी 12 एएक्स 0386 को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों के आक्रोश को देखते हुए ट्रक चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर सीधे सीएसईबी पुलिस चैकी पहुंच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में पुलिस नो-एंट्री के दौरान ट्रक के शहर में प्रवेश करने के पहलू की भी जांच कर रही है। मृतक की पहचान होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

