० 30 दीदीयों को जिला सीईओ बांटा पशु सखी किट
सुकमा, 03 जुलाईं (आरएनएस)। ए-हेल्प कार्यक्रम के तहत ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), सुकमा में आयोजित 15 दिवसीय राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत कार्यरत पशु सखियों के प्रशिक्षण का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर रहे।
मुख्य अतिथि ठाकुर ने प्रशिक्षण प्राप्त पशु सखियों को संबोधित करते हुए कहा कि एनआरएलएम के माध्यम से महिलाओं को आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ए-हेल्प कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित पशु सखियां ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, प्राथमिक उपचार एवं वैज्ञानिक पशुपालन संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने तथा अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली सभी पशु सखियों को उनके कार्य के लिए आवश्यक पशु सखी किट का वितरण किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पशुपालन प्रबंधन, पशुओं के पोषण एवं स्वास्थ्य, रोगों की पहचान एवं रोकथाम, प्राथमिक उपचार, टीकाकरण, डेयरी एवं बकरी पालन प्रबंधन, आजीविका संवर्धन तथा सामुदायिक स्तर पर पशु सेवा से संबंधित विषयों पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एनआरएलएम के जिला कार्यक्रम प्रबंधक महेंद्र सिंह चौहान, पशुपालन विभाग के अधिकारी डॉ. उमेश बघेल, आरसेटी निदेशक विकास कुमार, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) मनीष कुमार कुसरो तथा आरसेटी फैकल्टी मधुसूदन, खुशाल चंद्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का संचालन एवं समन्वय आरसेटी फैकल्टी मधुसूदन द्वारा किया गया।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

