गरियाबंद, 05 जुलाई (आरएनएस)। गरियाबंद पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से रविवार सुबह बगनई नदी की बाढ़ में फंसे 14 ग्रामीणों की जान बचा ली गई। थाना छुरा पुलिस और नगर सेना SDRF महासमुंद की संयुक्त टीम ने त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी छुरा उप निरीक्षक ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल को सूचना मिली कि ग्राम विजयपाल के पास बगनई नदी पर निर्माणाधीन पुलिया के नीचे अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहे मजदूर रविवार सुबह करीब 4 बजे अचानक हुई मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ में फंस गए हैं। तेज बहाव के चलते वे सुरक्षित बाहर नहीं निकल पा रहे थे।

सूचना मिलते ही थाना छुरा पुलिस और नगर सेना SDRF महासमुंद की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। लगातार बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के बीच टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक-एक कर सभी 14 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
गरियाबंद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के दौरान नदी-नालों के आसपास जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
0

