जांजगीर-चांपा, 05 जुलाई (आरएनएस)। जिले में सड़क सुरक्षा, गौवंश संरक्षण और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के मार्गदर्शन में जिले के पशु चिकित्सकों एवं गौवंश संरक्षकों की एक दिवसीय समन्वय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस, पशु चिकित्सा विभाग और गौवंश संरक्षण से जुड़े स्वयंसेवकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, संपर्क व्यवस्था मजबूत करना तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बरसात के मौसम में बड़ी संख्या में मवेशी सड़कों पर बैठे या विचरण करते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस, पशु चिकित्सा विभाग और गौवंश संरक्षकों की संयुक्त जिम्मेदारी है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाकर दुर्घटनाओं की रोकथाम की जाए और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। कार्यशाला में तय किया गया कि सड़क पर बैठे या घूम रहे मवेशियों की सूचना मिलते ही संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी। वहीं, किसी पशु के घायल होने की सूचना मिलने पर संबंधित पशु चिकित्सक बिना विलंब घटनास्थल पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराएंगे। बैठक में भविष्य में पुलिस, पशु चिकित्सा विभाग और गौवंश संरक्षकों के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने पर भी सहमति बनी। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और स्वयंसेवकों के मोबाइल नंबर साझा कर एक प्रभावी संपर्क तंत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया, ताकि किसी भी सूचना पर त्वरित समन्वय और कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में उप संचालक पशु चिकित्सा ए.एल. सिंह, डॉ. ओग्रे, विभिन्न विकासखंडों के पशु चिकित्सक तथा जिले के गौवंश संरक्षक उपस्थित रहे।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

