0 आरोपी पति गिरफ्तार
रायगढ़, 05 जुलाई (आरएनएस)। रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद के बाद पत्नी की हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर अपनी पत्नी को बुलेट मोटरसाइकिल से कई बार कुचलने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, पीडि़ता गणेशी साहू (32 वर्ष) ने 3 जुलाई 2026 को जूटमिल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वर्ष 2014 में उसका प्रेम विवाह अमित साहू (36 वर्ष) से हुआ था और दोनों के दो बच्चे हैं। विवाह के बाद से आरोपी शराब के नशे में अक्सर मारपीट और विवाद करता था। लगातार प्रताडऩा से परेशान होकर वह बच्चों को सास के पास छोड़कर अलग किराये के मकान में रहने लगी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, 30 जून को पीडि़ता के जन्मदिन पर आरोपी उसे भविष्य में शराब नहीं पीने और अच्छे से रखने का भरोसा देकर अपने साथ ले गया। इसके बाद 3 जुलाई की रात वह उसे बुलेट मोटरसाइकिल से अपने गांव कोड़ातराई ले गया, जहां चरित्र पर संदेह करते हुए उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
पुलिस के अनुसार, जान बचाने के लिए जब पीडि़ता घर से बाहर भागी तो आरोपी ने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से उसे टक्कर मारकर गिरा दिया। आरोप है कि इसके बाद उसने हत्या की नीयत से मोटरसाइकिल कई बार पीडि़ता के शरीर पर चढ़ाई और जान से मारने की धमकी देते हुए उसे कुचलने का प्रयास किया। इस हमले में महिला के सिर, गर्दन, हाथ, जांघ, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
पीडि़ता की शिकायत पर जूटमिल थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित साहू, निवासी कोड़ातराई, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद की आड़ में महिलाओं के खिलाफ हिंसा या जानलेवा हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
0

