रायपुर, 05 जुलाई (आरएनएस)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की पिंक पेट्रोल यूनिट की सतर्कता से भटककर अकेले रो रहे दो वर्षीय मासूम को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया। बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने रायपुर पुलिस और पिंक पेट्रोल टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को उत्तर जोन की पिंक पेट्रोल टीम थाना गुढिय़ारी क्षेत्र के कर्मा चौक में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को करीब दो वर्षीय एक बालक कर्मा चौक के पास अकेले रोता हुआ मिला। कम उम्र होने के कारण वह अपना नाम या अपने माता-पिता के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रहा था।
पिंक पेट्रोल टीम ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। लगातार प्रयास के बाद बच्चे के चाचा रोहन ध्रुव की जानकारी मिली, जिन्हें मौके पर बुलाकर बच्चे की पहचान कराई गई। इसके बाद बच्चे के माता-पिता पूजा ध्रुव और हीराधार ध्रुव को सूचना देकर बुलाया गया।
सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने बालक को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट और पिंक पेट्रोल यूनिट की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि पिंक पेट्रोल यूनिट महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा सहायता के लिए लगातार सक्रिय है। किसी भी आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर नागरिक पिंक पेट्रोल यूनिट से संपर्क कर सकते हैं।
0

