रायपुर, 05 जुलाईं (आरएनएस)। विवेचना को तकनीकी रूप से अधिक प्रभावी और वैज्ञानिक बनाने की दिशा में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 308 विवेचकों को ई-साक्ष्य (इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य) के त्वरित एवं सुरक्षित संकलन के लिए मोबाइल फोन वितरित किए गए। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल वितरित कर इसकी शुरुआत की।
पुलिस मुख्यालय की इस पहल का उद्देश्य विवेचना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का त्वरित संकलन, व्यवस्थित दस्तावेजीकरण तथा विभिन्न तकनीकी प्लेटफॉर्मों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना है। इन मोबाइल उपकरणों के माध्यम से घटनास्थल पर फोटो, ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग, डिजिटल रिपोर्टिंग और अन्य ई-साक्ष्यों का मानकीकृत तरीके से संकलन किया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने विवेचकों को निर्देश दिए कि वे डिजिटल ऐप्स, ई-साक्ष्य संचालन प्रोटोकॉल और डेटा सुरक्षा के सभी मानकों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करें। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित वैज्ञानिक विवेचना से मामलों के त्वरित निष्पादन के साथ न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों की विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह पहल राज्य पुलिस मुख्यालय की डिजिटल सुदृढ़ता नीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य पुलिसिंग को आधुनिक तकनीक से लैस कर न्यायिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और सुगम बनाना है। आगामी चरण में विवेचकों के लिए विशेष प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता तथा डेटा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन की निगरानी की व्यवस्था भी लागू की जाएगी।
०


