रायपुर, 05 जुलाईं (आरएनएस)। राजधानी के आजाद चौक थाना क्षेत्र में पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी इस्तेमाल कर विभिन्न दस्तावेज तैयार करने वाले एक च्वॉइस सेंटर संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लैपटॉप, एक कलर प्रिंटर और एक लैमिनेशन मशीन जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार शहीद चूड़ामणि नायक वार्ड क्रमांक-37 के निर्वाचित पार्षद दीपक जायसवाल ने थाना आजाद चौक में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके नाम के लेटरहेड और हस्ताक्षर का दुरुपयोग कर मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर में जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा नगर निगम से संबंधित अन्य दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।
शिकायत के आधार पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 142/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 336(3), 340(2) और 318(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना आजाद चौक पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आर्यन च्वॉइस सेंटर में दबिश दी।
पूछताछ के दौरान सेंटर संचालक विपीन केशरी (38 वर्ष) ने पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी तरीके से उपयोग कर विभिन्न दस्तावेज तैयार करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लैपटॉप, कलर प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपी विपीन केशरी, पिता राकेश चंद्र केशरी, मूल निवासी कटरा बाजार, जिला भदोही (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान में अश्विनी नगर, पुरानी बस्ती, रायपुर में रह रहा था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

