दुर्गं, 05 जुलाईं (आरएनएस)। दुर्ग जिले की खुर्सीपार थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 790 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, बिक्री की नकदी और एक मोबाइल फोन समेत कुल 1.10 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि भिलाई के खुर्सीपार स्थित केनाल रोड पर जीरो पॉइंट गार्डन सेट के नीचे एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीरज सिंह (26) निवासी दुर्गा मंदिर के पास, वार्ड क्रमांक-46, जोन-03, खुर्सीपार, भिलाई बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बिक्री के लिए रखा 1 किलो 790 ग्राम गांजा, 550 रुपये नकद तथा 20 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 89,500 रुपये बताई गई है। कुल जब्त सामग्री की कीमत 1,10,050 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 251/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 27ए के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

