दुर्गं, 05 जुलाईं (आरएनएस)। दुर्ग जिले के धमधा थाना पुलिस ने सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक से जुड़े 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि बैंक से संबद्ध वित्तीय संस्था के कर्मचारियों ने 267 महिला ग्राहकों से वसूली गई ऋण किस्त और लोन क्लोजर की राशि कंपनी में जमा करने के बजाय गबन कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि अशोक कुमार वर्मा ने 4 जुलाई को थाना धमधा में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था का सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ अनुबंध है, जिसके तहत महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराया जाता है। ऑडिट के दौरान धमधा शाखा में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता सामने आई।
जांच में पता चला कि शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों ने ग्राहकों से प्राप्त ऋण किस्त और लोन क्लोजर की राशि कंपनी में जमा नहीं की। कंपनी ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर राशि जमा करने का अवसर दिया, लेकिन उन्होंने न तो राशि लौटाई और न ही कोई जवाब दिया।
विस्तृत ऑडिट में खुलासा हुआ कि 267 महिला ग्राहकों से वसूली गई 1 करोड़ 11 लाख 93 हजार 173 रुपये की राशि का आपराधिक षड्यंत्र के तहत गबन कर धोखाधड़ी की गई।
शिकायत के आधार पर धमधा थाना में अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 318(4) और 61(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
अनिल विश्वकर्मा (23 वर्ष), निवासी साजा, जिला बेमेतरा।
संदीप कुमार खूंटीहरे (31 वर्ष), निवासी पाटन, जिला दुर्ग।
पुलिस के अनुसार, यह धोखाधड़ी ग्राहकों से प्राप्त ऋण किस्त एवं लोन क्लोजर की राशि कंपनी में जमा नहीं कर अवैध रूप से हड़पने के उद्देश्य से की गई।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बैंक या वित्तीय संस्था से जुड़े लेन-देन केवल अधिकृत माध्यम से करें और किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। आर्थिक अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

