रायपुर 5 जुलाई 2026/ लगातार दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए उरला थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
मामला उरला थाना क्षेत्र का है, जहां देवेंद्र साहू ने 4 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह उरला स्थित एक पेट्रोल पंप में काम करने आया था और अपनी मोटरसाइकिल परिसर में खड़ी कर ड्यूटी पर चला गया। वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत के आधार पर थाना उरला में अपराध क्रमांक 305/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी बीच सूचना मिली कि एक युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अभय दुबे पिता सचिदानंद दुबे, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम रामपुर डुंगा, थाना करसाना रामपुर, जिला बलरामपुर, वर्तमान पता बीएसपी प्लांट इस्पात बैरन रोड, थाना उरला, रायपुर बताया। आरोपी ने बरामद मोटरसाइकिल के चोरी का होना स्वीकार किया और पूछताछ में अलग-अलग स्थानों से चार अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने की बात भी कबूल कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी की कुल पांच मोटरसाइकिलें, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये है, बरामद कर जब्त की गईं। आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल, इस कार्रवाई से वाहन चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं वह किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा तो नहीं है।

