धमतरी,06 जुलाईं (आरएनएस)। धमतरी पुलिस ने हत्या की नीयत से हथौड़ी से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की हथौड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना को मजबूत किया है।पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई की शाम ग्राम हसदा नंबर-1 में पोस्ट ऑफिस के सामने टीन शेड के नीचे चंद्रहास साहू अन्य ग्रामीणों के साथ बैठे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी देवलाल निषाद (38 वर्ष) वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने लोहे की हथौड़ी से चंद्रहास साहू पर लगातार हमला कर दिया। बचाव के प्रयास में वार सिर के बजाय जबड़े और दाहिने हाथ की कोहनी पर लगा, जिससे पीडि़त को गंभीर चोटें और फ्रैक्चर हुआ। घायल को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए एम्स रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना और करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल से रक्तरंजित कंक्रीट, नियंत्रण नमूना, खून से सना रूमाल सहित अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जब्त किए। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की हथौड़ी भी बरामद कर ली।चिकित्सकीय रिपोर्ट में पीडि़त को आई चोटों की गंभीरता और फ्रैक्चर की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी देवलाल निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

