दुर्ग, 6 जुलाई (आरएनएस)। दुर्ग पुलिस के सड़क सुरक्षा अभियान का सकारात्मक असर सामने आया है। वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में करीब 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इस दौरान पिछले साल की तुलना में 61 लोगों की जान बचाने में सफलता मिली है। वहीं, लगातार छठे महीने भी सड़क हादसों में मौतों का आंकड़ा घटा है।
यातायात पुलिस के अनुसार, केवल जून 2026 में ही जून 2025 की तुलना में 12 कम मौतें दर्ज की गई हैं। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे सतत अभियान और लोगों की बढ़ती जागरूकता का यह सकारात्मक परिणाम है।
उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात पुलिस पिछले पांच महीनों से प्रतिदिन सुबह 6 बजे जिले के चिन्हित स्थानों पर स्थायी वाहन चेकिंग पॉइंट लगाकर नियमों का पालन सुनिश्चित करा रही है। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ नियम तोडऩे वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के ब्लैक स्पॉट एवं ग्रे स्पॉट चिन्हित कर वहां आवश्यक सुधार कार्य, विशेष निगरानी और सघन प्रवर्तन अभियान भी शुरू किए हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ चेतावनी संकेतक और त्वरित सहायता व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।
पिछले छह महीनों में यातायात पुलिस ने 404 जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए, जिनके माध्यम से 1 लाख 19 हजार 469 नागरिकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ हर रात विशेष जांच अभियान चलाकर ब्रेथ एनालाइजर से जांच और सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
०००


