रायपुर,07 जुलाईं (आरएनएस) । पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रेंज साइबर थाना पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले दो पीओएस (POS) एजेंटों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों द्वारा बेचे गए सिम कार्ड का इस्तेमाल यूट्यूब पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और ‘कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में इनाम दिलाने के नाम पर साइबर ठगी जैसे मामलों में किया गया था।पुलिस के अनुसार, पहला मामला गरियाबंद जिले के इंदागांव थाना क्षेत्र का है, जहां फेसबुक पर दोस्ती के बाद व्हाट्सऐप वीडियो कॉल के जरिए पीडि़त का मॉफ्र्ड अश्लील वीडियो बनाकर यूट्यूब पर वायरल करने की धमकी देकर 7.90 लाख रुपये की ठगी की गई। दूसरा मामला रेंज साइबर थाना रायपुर में दर्ज है, जिसमें केबीसी में इनाम जीतने का झांसा देकर टैक्स के नाम पर रकम ठगी गई। दोनों मामलों की जांच रेंज साइबर थाना कर रहा था।तकनीकी जांच, सेवा प्रदाता कंपनियों से प्राप्त जानकारी और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो मोबाइल दुकान संचालकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान उमेश प्रजापति (23) निवासी मनकारी, जिला छतरपुर (मध्यप्रदेश), संचालक प्रजापति टेलीकॉम तथा मनोज
देवांगन (29) निवासी प्रकाशपुर चिचोला, जिला खैरागढ़, संचालक मनोज मोबाइल, मुढ़ीपार के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नया सिम लेने या सिम पोर्ट कराने आने वाले ग्राहकों के ई-केवाईसी के दौरान डबल थंब स्कैन या आई ब्लिंक का दुरुपयोग कर अतिरिक्त सिम सक्रिय कर लेते थे। जिन ग्राहकों के पास आधार कार्ड की भौतिक प्रति होती थी, उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल कर डी-केवाईसी के जरिए भी अतिरिक्त सिम जारी किए जाते थे। बाद में इन फर्जी सिम कार्डों को अधिक कीमत पर साइबर अपराधियों को बेच दिया जाता था।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अजनबियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें, अनजान वीडियो कॉल न उठाएं और किसी भी तरह की ब्लैकमेलिंग या इनाम के नाम पर पैसे की मांग होने पर भुगतान न करें। साथ ही बैंक खाते, ओटीपी, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। यदि साइबर ठगी का प्रयास हो तो संबंधित चैट, कॉल रिकॉर्ड और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखकर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
०००


