कबीरधाम,07 जुलाईं (आरएनएस)। जिले में साइबर अपराधों से बचाव और कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भोरमदेव पुलिस ने राजा नवागांव स्थित हाई स्कूल में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा, ‘अभिव्यक्ति मोबाइल ऐप, नए आपराधिक कानूनों और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल और अमित पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिव्या शर्मा के नेतृत्व में किया गया।कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर ‘अभिव्यक्ति मोबाइल ऐप की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह एप महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है। विद्यार्थियों और शिक्षकों को ऐप डाउनलोड करने और आवश्यकता पडऩे पर इसका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में नए आपराधिक कानूनों, सड़क सुरक्षा, साइबर बुलिंग से बचाव, नशामुक्त जीवन और नागरिक कर्तव्यों पर भी जानकारी दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा तथा कानूनों के प्रति जागरूक करें। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों में सुरक्षा, कानून के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

