बालोद,07 जुलाईं (आरएनएस) । जिले के गुरुर विकासखंड के ग्राम भानपुरी में लगातार 24 घंटे तक हुई बारिश के बाद एक किसान के खेत की जमीन अचानक धंस गई। देखते ही देखते खेत में करीब 20 फीट चौड़ा और 30 फीट से अधिक गहरा विशाल गड्ढा बन गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने एहतियातन गड्ढे के आसपास लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।जानकारी के अनुसार, किसान खेलन साहू सोमवार सुबह जब अपने खेत पहुंचे तो उन्होंने जमीन धंसी हुई देखी। शुरुआत में गड्ढे की गहराई करीब 10 फीट थी, लेकिन लगातार बारिश का पानी भरने और मिट्टी खिसकने से शाम तक इसकी गहराई 30 फीट से अधिक और चौड़ाई लगभग 20 फीट हो गई।घटना की सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत ने प्रशासन को अवगत कराया। इसके बाद कृषि विभाग और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। वरिष्ठ कृषि अधिकारी छन्नू लाल ठाकुर और पटवारी नवीन साहू ने मौके का पंचनामा तैयार कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से गड्ढे के आसपास नहीं जाने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।ग्राम भानपुरी के सरपंच डाकेश साहू ने बताया कि जिस स्थान पर जमीन धंसी है, वहां करीब 25 वर्ष पुराना बंद पड़ा बोरवेल था। जमीन धंसने के साथ ही बोरवेल का केसिंग पाइप भी पूरी तरह धरती के अंदर समा गया। उन्होंने बताया कि किसान ने घटना से एक दिन पहले ही खेत की जुताई कराई थी और अगले दिन यह हादसा सामने आया।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी बोरवेल खुदाई के दौरान केसिंग पाइप धंसने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार बारिश के बाद हुई इस घटना को देखते हुए ग्रामीणों ने पूरे इलाके का भू-वैज्ञानिक सर्वे कराने की मांग की है, ताकि जमीन धंसने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। कृषि और राजस्व विभाग की टीम किसान को हुए नुकसान का आकलन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

